ईद-उल-अजहा के दिन CUET परीक्षा तय होने पर विवाद, NTA से बदलाव की अपील
- Post By Admin on May 22 2026
मुजफ्फरपुर : कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) की 28 मई को निर्धारित परीक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मानवाधिकार संस्थान, बिहार एवं ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस-ए-मुशावरत, बिहार ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से परीक्षा तिथि बदलने की मांग की है।
इस संबंध में उच्च शिक्षा सचिव, शिक्षा मंत्रालय और एनटीए अध्यक्ष को पत्र भेजकर कहा गया है कि 28 मई 2026 को बकरीद का पर्व होने के बावजूद उसी दिन CUET UG की परीक्षा निर्धारित कर दी गई है। पत्र में इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा गया है कि गैजेट कैलेंडर के अनुसार यह अवकाश का दिन है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 28 मई को अंग्रेजी, अकाउंटेंसी, बुक कीपिंग और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट की परीक्षा आयोजित होनी है। परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग का समय सुबह 7 बजे और प्रवेश का समय 8:30 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि बकरीद की नमाज देशभर में सुबह 6:30 बजे से 10 बजे तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित होती है।
मानवाधिकार संस्थान के महासचिव मोहम्मद इश्तेयाक ने कहा कि बकरीद मुस्लिम समुदाय का महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी सामूहिक नमाज में शामिल होते हैं। इसके बाद कुर्बानी की परंपरा निभाई जाती है। ऐसे में परीक्षा होने से मुस्लिम अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को धार्मिक कर्तव्यों के निर्वहन में परेशानी होगी। पत्र में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और अभिभावकों द्वारा छात्रों को पहुंचाने की बाध्यता के कारण बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवार धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाएंगे, जो धार्मिक अल्पसंख्यकों के संवैधानिक अधिकारों के विपरीत होगा।
संगठन ने केंद्र सरकार और एनटीए से मांग की है कि भारत की धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था और धार्मिक स्वतंत्रता को ध्यान में रखते हुए 28 मई की परीक्षा तिथि में बदलाव किया जाए।यह पत्र मोहम्मद इश्तेयाक, महासचिव मानवाधिकार संस्थान बिहार एवं स्टेट जनरल सेक्रेटरी, ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस-ए-मुशावरत, बिहार की ओर से जारी किया गया है।