नागपुर : सोलर एक्सप्लोसिव्स फैक्ट्री में धमाका, एक की मौत, कई मजदूर घायल
- Post By Admin on Sep 04 2025

नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर में बुधवार देर रात सोलर एक्सप्लोसिव्स फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 10 मजदूर घायल हो गए। घायलों को तुरंत नागपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री में धमाका उस समय हुआ, जब मजदूर प्लांट के अंदर काम कर रहे थे। विस्फोट से पहले फायर अलार्म बज गया था, जिससे कई मजदूर समय रहते बाहर निकल पाए, लेकिन कुछ मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
धमाके में घायल हुए मजदूरों की पहचान कैलाश वर्मा, मनीष वर्मा, सनी कुमार, अरुण कुमार, अतुल मडावी, सौरभ डोंगरे, तेजस बांधते, सूरज गुटके, अखिल बावणे और धर्मपाल मनोहर के रूप में हुई है। मजदूर अखिल ने बताया कि विस्फोट इतना जोरदार था कि कुछ भी समझने का समय नहीं मिला। हादसे के दौरान प्लांट में करीब 13-14 लोग मौजूद थे।
डॉक्टर नुपाल डंडे ने बताया कि अस्पताल में देर रात करीब 22-23 मरीज लाए गए थे। इनमें से 9 को भर्ती किया गया, जिनमें चार की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। बाकी मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की समीक्षा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही है।