नागपुर : कोच्चि से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान में मंगलवार सुबह बम की धमकी से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नागपुर एयरपोर्ट को अलर्ट पर डालते हुए फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सतर्कता बरतते हुए पायलट ने विमान को नागपुर में सुरक्षित उतारा। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट पर तुरंत आपातकालीन व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गईं। रनवे खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते ने विमान की बारीकी से जांच की। हालांकि शुरुआती तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरत रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी किस माध्यम से दी गई, इसकी तकनीकी जांच जारी है। साइबर सेल और इंटेलिजेंस यूनिट इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि यह शरारत है या किसी गंभीर साजिश का हिस्सा। एयरलाइन और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में फ्लाइट्स में बम की झूठी धमकियों की घटनाएं बढ़ी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां हर एक मामले को गंभीरता से ले रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं।
























