मुजफ्फरपुर : जिले के नगर थाना में आगामी ईद पर्व और रामनवमी पर्व को संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन की पहल पर नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आहूत हुई। इस बैठक का आयोजन एएसपी भानु प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया था। बैठक में शहर के दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक में दोनों समुदायों के लोगों से इस पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की गई। एएसपी ने बताया कि शहर की सभी मस्जिद, ईदगाह, और इबादतगाहों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अल्पसंख्यक समुदाय के मोहल्लों से लेकर मस्जिद और इबादतगाहों तक जाने वाले सभी रास्तों पर जिला पुलिस बल और सैप के जवान तैनात रहेंगे।

बैठक में तैयार किए गए नियमों के अनुसार, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूस में धारदार हथियारों और नुकीले हथियारों के प्रदर्शन पर भी पूर्ण प्रतिबंध होगा। सोशल मीडिया पर भी जिला पुलिस की विशेष टीम की निगरानी रहेगी।

मौके पर नगर थानेदार मिठनपुरा थानेदार सहित सभी शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।