पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. पी. शाही की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Jun 09 2024
पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. पी. शाही की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

मुजफ्फरपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री और स्वतंत्रता सेनानी एल. पी. शाही की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने की। इस अवसर पर जिले के कई प्रमुख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने अपने संबोधन में एल. पी. शाही को याद करते हुए कहा, "श्री शाही ने भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। शिक्षा के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण उन्होंने ग्रामीण इलाकों में कई प्राथमिक स्कूल स्थापित करवाए। साथ ही, मुजफ्फरपुर में श्री कृष्ण जुबली लॉ कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, और महेश्वर प्रसाद सिंह साइंस कॉलेज की स्थापना में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।"

उन्होंने आगे कहा, "राजीव गांधी सरकार में मानव संसाधन विकास मंत्रालय का कार्यभार संभालते हुए, शाही ने ग्रामीण बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए जिलास्तर पर जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया।"

इस श्रद्धांजलि सभा में जिला प्रवक्ता समीर कुमार, महताब आलम सिद्दीकी, मुकेश त्रिपाठी, कुणाल सहाय, लक्ष्मण ठाकुर, जुही प्रियतम, जावेद खान, गोपाल मिश्र, सविता श्रीवास्तव, रितेश कुमार सिन्हा, सुरेश चंद्रवंशी, मोजक्कीर रहमान, दिलीप चौधरी सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

सभी ने शाही के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और कहा कि शिक्षा और स्वतंत्रता के क्षेत्र में उनकी भूमिका हमेशा प्रेरणादायक रहेगी। सभा में शाही के शिक्षा, स्वतंत्रता संग्राम और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने शाही की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।