मुजफ्फरपुर : जिले के बेला में संस्कृति वर्मा पर गोलीबारी और पत्रकार शिवशंकर झा की हत्या को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने बिहार की भाजपा समर्थित एनडीए सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध और सरकार की निष्क्रियता पर नाराजगी व्यक्त की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने कहा, “भाजपा-एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद बिहार में रोजगार की बात बंद हो गई है और अपराध की चर्चा बढ़ गई है। राज्य में महा जंगलराज चल रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस दिन महिला संस्कृति वर्मा पर अपराधियों ने तीन गोली मारी, उसी दिन उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा शहर में मौजूद थे, फिर भी वे अस्पताल में महिला से मिलने नहीं गए। शहर के पूर्व विधायक सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा भी उनसे मिलने अस्पताल नहीं पहुंचे। इससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों को रसूखदार लोगों का संरक्षण प्राप्त है।
अरविंद कुमार मुकुल ने सीनियर एसपी और सीटी एसपी से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “मैंने सीनियर एसपी और सीटी एसपी से बात कर अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी अपील की कि वे संस्कृति वर्मा पर जानलेवा हमले की उच्चस्तरीय जांच कराकर अपराधियों को बेनकाब करें।
महिला संस्कृति वर्मा पर हुए जानलेवा हमले और पत्रकार शिवशंकर झा की हत्या ने राज्य में बढ़ते अपराध की गंभीरता को उजागर किया है। कांग्रेस ने इस पर सरकार की आलोचना करते हुए अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए, अरविंद कुमार मुकुल ने राज्य में अपराध नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया है।




















