मोतीहारी पुलिस ने चलाया महिला सशक्तिकरण जागरूकता अभियान
- Post By Admin on Jan 03 2025

मोतीहारी : जिले में महिला सशक्तिकरण जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने महिलाओं और बच्चियों को उनके अधिकारों और अपराधों से संबंधित कानूनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। यह अभियान 30 दिसंबर 2024 से पुलिस अधीक्षक के आदेश पर महिला थाना और अन्य थानों द्वारा शुरू किया गया है। महिला थाना अध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने इस अभियान की शुरुआत की और जिले के विभिन्न गांवों और स्कूलों का दौरा किया। उन्होंने शंभूचक गांव के ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात की और उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित बने कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को सहायता पुस्तिका भी प्रदान की। जिसमें कानूनी जानकारी और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके बाद, महिला थाना अध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने केसरिया स्थित आर्य कन्या उच्च विद्यालय का भी दौरा किया। वहां उन्होंने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण के महत्व और उनके अधिकारों से संबंधित कानूनी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला और बाल अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार ने कई सख्त कानून बनाए हैं और हर महिला को अपनी सुरक्षा के लिए इनका उपयोग करना चाहिए। महिला थाना द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी प्रकार के अपराध का शिकार होने पर सही समय पर मदद प्राप्त कर सकें। यह अभियान जिले भर में लगातार चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और लड़कियां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें और समाज में उनके प्रति होने वाली हिंसा और अपराधों को रोकने में मदद मिल सके।