मुकेश सहनी के दौरे पर रोक, वीआईपी ने बताया लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन
- Post By Admin on Jun 29 2026
लखनऊ : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर दौरे से पहले पुलिस ने लखनऊ में रोक दिया। पार्टी ने इसे ‘हाउस अरेस्ट’ की कार्रवाई बताते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया है।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, शाहजहांपुर पुलिस अधीक्षक के पत्र के आधार पर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताते हुए मुकेश सहनी के प्रस्तावित दौरे पर रोक लगा दी। साथ ही उनके आवागमन पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि को जनता के बीच जाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असहमति की आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है और यह स्थिति अघोषित आपातकाल जैसी प्रतीत होती है। वीआईपी प्रमुख ने कहा कि निषाद समाज के अधिकार, आरक्षण और सम्मान की लड़ाई को इस प्रकार की कार्रवाई से नहीं रोका जा सकता। उनका दावा है कि समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है, जबकि मुकेश सहनी और उनकी पार्टी ने इस कदम का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है।