लखीसराय में उपमुख्यमंत्री के आगमन से पहले एनएच पर मालवाहक वाहनों की सघन जीएसटी जांच

  • Post By Admin on Aug 08 2026
लखीसराय में उपमुख्यमंत्री के आगमन से पहले एनएच पर मालवाहक वाहनों की सघन जीएसटी जांच

लखीसराय: बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के प्रस्तावित लखीसराय आगमन से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाणिज्य कर विभाग की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। राज्य कर संयुक्त आयुक्त सुधीर कुमार के निर्देश पर विभागीय टीम एनएच से गुजरने वाले मालवाहक वाहनों की जीएसटी और सीएसटी संबंधी गहन जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार अभियान के तहत मालवाहक वाहनों के कागजात, जीएसटी पंजीकरण, ई-वे बिल और कर भुगतान की स्थिति की जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने कई वाहनों को रोककर दस्तावेजों की पड़ताल की और कर अनुपालन की स्थिति का सत्यापन किया। हालांकि जांच की प्रक्रिया भी चर्चा का विषय बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई अधिकारी अपने वाहन के अंदर बैठे रहे, जबकि वाहन मालिकों और चालकों को सड़क किनारे खड़े होकर शीशे के माध्यम से दस्तावेज दिखाने पड़े। इस व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष देखा गया और कुछ लोगों ने इसे अफसरशाही की कार्यशैली का उदाहरण बताया। स्थानीय स्तर पर इस अचानक बढ़ी सक्रियता को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोगों का कहना है कि इस तरह का अभियान सामान्य दिनों में सड़क पर कम दिखाई देता है, जबकि उपमुख्यमंत्री के जिला आगमन से ठीक पहले जांच और वसूली की कार्रवाई तेज हो गई है।

वाणिज्य कर विभाग की ओर से हालांकि इसे नियमित कर जांच अभियान बताया जा रहा है और कहा जा रहा है कि कर चोरी रोकने तथा राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार की कार्रवाई की जाती है। वहीं सड़क किनारे घंटों तक चली जांच के कारण कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ती नजर आई। अब देखना यह होगा कि यह अभियान उपमुख्यमंत्री के दौरे तक सीमित रहता है या आने वाले दिनों में भी इसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग पर जीएसटी जांच की कार्रवाई जारी रहती है।