लखीसराय के दो पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित, 102 आवेदनों में 71 का मौके पर हुआ निष्पादन

  • Post By Admin on Aug 05 2026
लखीसराय के दो पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित, 102 आवेदनों में 71 का मौके पर हुआ निष्पादन

लखीसराय: जिले के विभिन्न पंचायतों में बुधवार को सहयोग शिविर का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इसी क्रम में रामगढ़ चौक प्रखंड की शरमा पंचायत तथा सूर्यगढ़ा प्रखंड की मोहम्मदपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय रतनपुर में सहयोग शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सह लखीसराय के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगान और नशा मुक्ति की शपथ के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आम नागरिकों की समस्याओं से जुड़े आवेदनों की समीक्षा की। शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, स्वच्छता, मुख्यमंत्री आवास योजना सहित कई विभागों द्वारा आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन किया गया। प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से सहयोग पोर्टल एवं सहयोग शिविर के माध्यम से अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, युवाओं को शिक्षा और नशामुक्ति के प्रति जागरूक रहने तथा क्षेत्र के विकास में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन की नियमित निगरानी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निष्पादन किया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई और नागरिकों से सहयोग की अपील की। रामगढ़ चौक प्रखंड के शरमा पंचायत में कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 71 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 31 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शिविर में पात्र लाभार्थियों के बीच ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र, जाति एवं आय प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री आवास योजना की स्वीकृति, निःशक्त पोषण किट तथा आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया।

वहीं सूर्यगढ़ा प्रखंड की मोहम्मदपुर पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान चार लाभार्थियों को जन्म प्रमाण-पत्र, पांच श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लाभुकों को आवास की चाबी, चार लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दो लाभार्थियों को फूड बास्केट प्रदान किया गया। इसके अलावा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग शिविर के सफल आयोजन की घोषणा की।