जनकल्याण शिविर में पहुंचे प्रभारी मंत्री, लाभुकों को सौंपे जॉब कार्ड और प्रमाण-पत्र
- Post By Admin on Jun 16 2026
लखीसराय : आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और प्रशासन एवं जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर के तहत सोमवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड की चौरा राजपुर पंचायत और बड़हिया प्रखंड की जैतपुर पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सह लखीसराय जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमारी, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने लाभुकों के बीच मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग द्वारा निर्गत श्रमिक कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र का वितरण किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अपने संबोधन में मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और करीब लाना है। सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर इसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित और समृद्ध समाज की नींव होता है।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की सहभागिता से व्यापक वृक्षारोपण कराने और लगाए गए पौधों के संरक्षण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पौधों के संरक्षण से जलस्तर बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और सुझावों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। जिला प्रशासन ने सभी आवेदनों एवं सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार के सचिव सह लखीसराय एवं शेखपुरा के प्रभारी सचिव कमल तनुज (भा.प्र.से.) ने रामगढ़ चौक प्रखंड के मध्य विद्यालय गौरा में आयोजित सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर लाभुकों से संवाद किया तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने कहा कि सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।