मुजफ्फरपुर : वन महोत्सव के अवसर पर लंगट सिंह कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में वृहद् वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने किया। उन्होंने फलदार पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि वन महोत्सव केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य में वृक्षारोपण और हरित आवरण का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन का लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल को भी सुनिश्चित करना है। पूर्व में लगाए गए पौधों के संवर्धन और नए पौधों की सुरक्षा के लिए भी संस्थान प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रोपे गए प्रत्येक पौधे को विकसित करना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी।

कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. वार्णेश्वर शर्मा, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. आनन्द कुमार और सरोज कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान मोहम्मद अर्शक, स्वतांभुझ, रजनीश, पलक रंजन, मिदहत रहमान, प्रकृति, संजना, स्मृति, कोमल कुमारी, सोनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।