सामाजिक संदेश के साथ बन रही लघु फिल्म 'गर्लफ्रेंड' की शूटिंग जारी, मुख्य भूमिका में दिखें अभिनेता सुंगध

  • Post By Admin on Jul 08 2026
सामाजिक संदेश के साथ बन रही लघु फिल्म 'गर्लफ्रेंड' की शूटिंग जारी, मुख्य भूमिका में दिखें अभिनेता सुंगध

मुजफ्फरपुर: सुगंध फ़िल्म्स प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही लघु फिल्म 'गर्लफ्रेंड' की शूटिंग दूसरे दिन भी मुजफ्फरपुर के विभिन्न स्थानों पर जारी है। बिहार में फिल्म उद्योग को प्रोत्साहन देने की सरकारी पहल के बीच स्थानीय स्तर पर हो रहे फिल्म निर्माण को लेकर कलाकारों और तकनीकी टीम में उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रोडक्शन टीम के अनुसार फिल्म प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें समाज में आज भी मौजूद जातिगत भेदभाव और पुरानी सामाजिक मानसिकता को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि प्रेम जाति और सामाजिक बंधनों से ऊपर होता है तथा समाज को अपनी सोच में बदलाव लाने की आवश्यकता है। फिल्म के निर्देशक रंधीर सिंह ने बताया कि दूसरे दिन भी कई महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की गई। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी एक युवक और युवती के प्रेम संबंध के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां जाति के कारण रिश्तों के सामने आने वाली चुनौतियों को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उनका कहना है कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का भी प्रयास है।

कोरियोग्राफर राजेश शर्मा ने बताया कि फिल्म के गीतों और दृश्यों को कहानी के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि दर्शक भावनात्मक रूप से कहानी से जुड़ सकें। वहीं, एक्शन डायरेक्टर अर्जुन कश्यप ने कहा कि फिल्म के फाइट सीक्वेंस को यथार्थवादी शैली में फिल्माया जा रहा है, जिससे कहानी का प्रभाव और अधिक मजबूत बन सके। फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेता सुगंध कुमार निभा रहे हैं, जबकि अभिनेत्री सलोनी मिश्रा उनके साथ नजर आएंगी। छायांकन की जिम्मेदारी राकेश कुमार मिश्रा और रूपेश कुमार यादव संभाल रहे हैं। वहीं, कास्टिंग डायरेक्टर की भूमिका सचिन निभा रहे हैं।

प्रोडक्शन टीम ने बताया कि दूसरे दिन की शूटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई और आगामी दिनों में भी निर्धारित शेड्यूल के अनुसार फिल्मांकन जारी रहेगा। फिल्म को जल्द ही दर्शकों के बीच रिलीज करने की तैयारी है।