मुजफ्फरपुर में फिल्म शूटिंग, डायरेक्टर रंधीर सिंह ने कहा जाति से ऊपर प्रेम का संदेश देगी 'गर्लफ्रेंड'
- Post By Admin on Jul 07 2026
मुजफ्फरपुर: बिहार में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की पहल के बाद प्रदेश में फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में सुगंध फ़िल्म्स प्रोडक्शंस के बैनर तले लघु फिल्म 'गर्लफ्रेंड' की शूटिंग इन दिनों मुजफ्फरपुर में जारी है।
प्रोडक्शन टीम से मिली जानकारी के अनुसार यह फिल्म प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें समाज में आज भी मौजूद जातिगत भेदभाव और पुरानी सोच को प्रमुखता से दर्शाया गया है। फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि प्रेम किसी जाति या सामाजिक बंधन का मोहताज नहीं होता और समाज को इस दिशा में अपनी सोच बदलने की आवश्यकता है।
फिल्म के निर्देशक रंधीर सिंह ने बताया कि कहानी एक युवक और युवती के प्रेम संबंध के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में भी कई स्थानों पर रिश्तों को जाति के आधार पर परखा जाता है, जबकि प्रेम सभी सामाजिक सीमाओं से ऊपर है। फिल्म इसी सामाजिक सोच पर सवाल उठाती है। फिल्म के कोरियोग्राफर राजेश शर्मा ने बताया कि फिल्म के गीत और दृश्य कहानी के भावों के अनुरूप तैयार किए जा रहे हैं, ताकि दर्शकों तक इसका संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके।वहीं, एक्शन डायरेक्टर अर्जुन कश्यप ने कहा कि फिल्म के फाइट सीक्वेंस को कहानी की आवश्यकता के अनुरूप यथार्थवादी अंदाज में फिल्माया जा रहा है, जिससे कथानक की गंभीरता और प्रभाव बना रहे।
फिल्म में अभिनेता सुगंध कुमार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अभिनेत्री सलोनी मिश्रा उनके अपोजिट नजर आएंगी। छायांकन की जिम्मेदारी राकेश कुमार मिश्रा और रूपेश कुमार यादव संभाल रहे हैं। वहीं, फिल्म की कास्टिंग का दायित्व सचिन निभा रहे हैं। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म सामाजिक संदेश के साथ मनोरंजन का भी संतुलित मिश्रण होगी और जल्द ही इसे दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।