डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की प्रथम पुण्यतिथि पर साहित्यिक सम्मान समारोह और कवि गोष्ठी आयोजित

  • Post By Admin on May 24 2026
डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की प्रथम पुण्यतिथि पर साहित्यिक सम्मान समारोह और कवि गोष्ठी आयोजित

मुजफ्फरपुर : श्री गांधी पुस्तकालय, गोला रोड में रविवार को वरिष्ठ कवि, योगगुरु एवं पुस्तकालय के कोषाध्यक्ष रहे स्वर्गीय डॉ. आलोक कुमार “अभिषेक” की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सह साहित्यिक सेवा सम्मान समारोह एवं कवि गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री गांधी पुस्तकालय परिवार, नगर के कविगण एवं स्वर्गीय डॉ. आलोक अभिषेक की धर्मपत्नी श्रीमती आशा सिन्हा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल ने की, जबकि संचालन मुकेश पासवान ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. अमरेंद्र नारायण यादव उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद अतिथियों एवं बड़ी संख्या में मौजूद साहित्यप्रेमियों ने स्वर्गीय डॉ. आलोक कुमार अभिषेक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आलोक कुमार अभिषेक साहित्य, समाज और गांधी पुस्तकालय के लिए समर्पित व्यक्तित्व थे। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस अवसर पर प्रथम “डॉ. आलोक कुमार अभिषेक साहित्यिक सेवा सम्मान” शहर के प्रसिद्ध शायर एवं ग़ज़लगो राम उचित पासवान को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर प्रदान किया गया।

समारोह में धर्मनाथ प्रसाद, रंजीत कुमार साहू, शेखर कुमार, डॉ. पुष्पा प्रसाद, डॉ. पुष्पा गुप्ता, पर्यावरणविद सुरेश गुप्ता, डॉ. शिगबतुल्ला हमिदी, मोहन सिन्हा, शुभ नारायण शुभंकर, डॉ. सतीश कुमार साथी, सतेंद्र कुमार सत्येन, ओम प्रकाश गुप्ता, मुनचुन कुमार, डॉ. हरि किशोर प्रसाद सिंह, उमेश राज, डॉ. जगदीश शर्मा, सुमन कुमार मिश्रा, अंजनी कुमार पाठक, दीनबंधु आजाद, भारती कुमारी, प्रमोद नारायण मिश्र, अरुण कुमार तुलसी, रघुनाथ मोहब्बतपूरिया, मुन्नी चौधरी, रामवृक्ष राम चकपुरी, सुनील कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार, मुस्कान केशरी एवं अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की स्मृति में काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता भोजपुरी साहित्य के चर्चित कवि सतेंद्र कुमार सत्येन ने की, जबकि संचालन डॉ. सतीश कुमार साथी ने किया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से स्वर्गीय डॉ. आलोक कुमार अभिषेक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंत में स्वर्गीय डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की धर्मपत्नी श्रीमती आशा सिन्हा ने सभी अतिथियों, कवियों, श्रोताओं एवं गांधी पुस्तकालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।