महंगाई से जनता परेशान, विश्व गुरु का दावा केवल जुमला : प्रशांत किशोर

  • Post By Admin on May 24 2026
महंगाई से जनता परेशान, विश्व गुरु का दावा केवल जुमला : प्रशांत किशोर

मुजफ्फरपुर: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर रविवार को बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पहुंचे। इस दौरान माधोपुर सुस्ता में जन सुराज की जिला कार्यकारिणी कार्यशाला सह संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की विभिन्न सांगठनिक इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से पुनर्गठन की प्रक्रिया तेजी से चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में उपवास के दौरान यह निर्णय लिया गया था कि नई सरकार के छह महीने पूरे होने तक संगठन के पुनर्गठन का कार्य किया जाएगा। इसी के तहत जिला और राज्य इकाइयों को भंग कर नए सिरे से संगठन को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि जन सुराज शिक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और बिहार में बदलाव जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगा।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक डिजिटल माध्यम से चलाया जा रहा अभियान है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों का किसी मंच से जुड़ना इस बात का संकेत है कि समाज में भ्रष्टाचार, महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी को लेकर व्यापक नाराजगी है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जन सुराज मजबूती से चुनाव लड़ेगा। उम्मीदवार के चयन को लेकर पार्टी स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है और उचित समय पर इसकी घोषणा की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गाड़ियों की संख्या कम करने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि देश की जनता महंगाई से त्रस्त है और ‘विश्व गुरु’ का दावा केवल जुमला बनकर रह गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह “पेट्रोल बचाओ” है या “पेट्रोल खपाओ”, यह तो मोदी जी ही बेहतर बता सकते हैं।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, तो आम लोगों को रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और जरूरी संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं का सामना क्यों करना पड़ रहा है। बैठक में पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, तथागत हर्षवर्धन, अजय कुमार द्विवेदी, आर.एन. सिंह, सरवर अली, डॉ. शहनवाज, सुभाष कुशवाहा, विजय वात्सायन, जेपी सिंह, अबू अफ्फान फारूकी, प्रो. शशिकांत प्रसाद, जिला अध्यक्ष लाल बाबू, जिला महासचिव बिपिन चौधरी, महिला अध्यक्ष रंजना कुमारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।