लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान ने पूरे किए एक वर्ष, धार्मिक व शहीद स्थलों पर किया धन्यवाद ज्ञापन

  • Post By Admin on Jun 03 2026
लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान ने पूरे किए एक वर्ष, धार्मिक व शहीद स्थलों पर किया धन्यवाद ज्ञापन

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर की पहचान और गौरव से जुड़ी शाही लीची को बचाने, बढ़ाने और उसकी मिठास को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए “लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान” ने बुधवार को अपना पहला वर्ष पूर्ण कर लिया। इस अवसर पर अभियान से जुड़े सदस्यों ने शहर के विभिन्न धार्मिक एवं शहीद स्थलों पर पहुंचकर विशेष धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया।

एक वर्ष पूर्व पर्यावरणविद् सुरेश गुप्ता की पहल पर आरंभ हुए इस अभियान ने आज सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना ली है। लीची आधारित वैल्यू एडेड उत्पादों के निर्माण के जरिए सैकड़ों लोगों को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का अवसर प्राप्त हो रहा है। अभियान से जुड़ी महिलाओं और कलाकारों ने स्थानीय संसाधनों को नई पहचान देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। कार्यक्रम के तहत बाबा गरीबनाथ धाम, देवी मंदिर, दाता कंबल शाह मजार, गुरुद्वारा, चर्च, खुदीराम बोस एवं प्रफुल्ल चाकी स्मारक स्थल सहित वैष्णो देवी मंदिर में अभियान के सदस्यों ने लीची के बुके, लीची के पत्तों की माला, लीची आकृति वाले अगरबत्ती स्टैंड तथा लीची सुगंधित अगरबत्तियां अर्पित कर आभार व्यक्त किया। महिला सशक्तिकरण प्रभारी श्रीमती रीता मोदी द्वारा तैयार लीची आधारित व्यंजन—खट्टी-मीठी, अचार, जैम और जेली—भी श्रद्धापूर्वक समर्पित किए गए। वहीं फाइन आर्टिस्ट श्रीमती कोमल लखानी द्वारा निर्मित टफ्टिंग रग आकर्षण का केंद्र रहा। मिट्टी कलाकार प्रहलाद पंडित ने सभी धार्मिक एवं शहीद स्थलों की पवित्र मिट्टी संग्रहित की। अभियान का उद्देश्य भविष्य में “लीचीपुरम आर्ट” के मिट्टी उत्पादों में इन स्थलों की ऊर्जा और आशीर्वाद को समाहित करना है, ताकि “लोकल प्राइड, ग्लोबल राइट” के संकल्प को नई दिशा मिल सके।

इस दौरान लोक कलाकार सुनील कुमार ने लीची पर आधारित गीत प्रस्तुत कर वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या श्रीमती वर्षा सिंह, लीचीपुरम आर्ट से जुड़े कलाकारों एवं लीची की लकड़ी से उपयोगी उत्पाद तैयार करने वाले मुकेश शर्मा ने अभियान की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए भविष्य की योजनाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में भारत के पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के तैलचित्र पर लीची बुके अर्पित कर उनका जन्मदिन भी मनाया गया। अभियान के पदाधिकारियों ने घोषणा की कि शीघ्र ही एक विशेष आयोजन कर अभियान की एक वर्ष की उपलब्धियों, प्रगति और आगामी कार्ययोजना को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही “मीठा मुस्कुराने” के सपने को जनआंदोलन बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।