प्रशांत किशोर का नीतीश सरकार पर तीखा हमला, बोले- बिहार में फिर जंगलराज की आहट

  • Post By Admin on Jun 03 2026
प्रशांत किशोर का नीतीश सरकार पर तीखा हमला, बोले- बिहार में फिर जंगलराज की आहट

सीवान: जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बुधवार को सीवान में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान बिहार सरकार और मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बिहार की कानून व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि बिहार में एक बार फिर “जंगलराज” की आहट सुनाई दे रही है।

प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिस चाल, चरित्र और चेहरे वाले व्यक्ति बिहार के मुखिया हैं, वैसे लोग अगर किसी भी राज्य के प्रमुख हों तो वहां कानून व्यवस्था का बिगड़ना, शिक्षा व्यवस्था का चौपट होना और भ्रष्टाचार का बोलबाला होना तय है।” उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि बिहार फिर से भय और अव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि भाजपा सरकार के वादों का “रिफ्रेंडम” साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने युवाओं को 1 करोड़ नौकरियां देने और महिलाओं को 2 लाख रुपये सहायता देने जैसे बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर हमला बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में जनता अब भी नेताओं के चेहरे देखकर वोट करती है, न कि काम देखकर। यही कारण है कि “निशांत कुमार जैसे लोग” मंत्री बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि नेताओं के बेटे राजनीति में आगे बढ़ रहे हैं, जबकि आम लोगों के बच्चे डिग्री लेने के बाद भी नौकरी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। बेरोजगारी और पलायन को उन्होंने वर्षों से चली आ रही पारंपरिक राजनीति का परिणाम बताया। मीडिया ब्रीफिंग के दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक जनता जाति और परिवारवाद से ऊपर उठकर मतदान नहीं करेगी, तब तक राज्य की स्थिति में बड़ा परिवर्तन संभव नहीं है।