राजस्व कार्यों में सुस्ती पर जिला प्रशासन सख्त, सूर्यगढ़ा अंचलाधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

  • Post By Admin on Jun 03 2026
राजस्व कार्यों में सुस्ती पर जिला प्रशासन सख्त, सूर्यगढ़ा अंचलाधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

लखीसराय : जिले में राजस्व एवं लोकहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार द्वारा राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान सूर्यगढ़ा अंचल में विभिन्न मामलों के निस्तारण की गति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अंचल अधिकारी, सूर्यगढ़ा से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि न्यायालय में लंबित वादों के निष्पादन, राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों के निपटारे, सहयोग शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की कार्रवाई तथा किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) से संबंधित कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है। इसके अलावा विभिन्न राजस्व सेवाओं से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन लंबित पाए गए, जिससे आम नागरिकों को समय पर सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने इसे गंभीर विषय मानते हुए संबंधित पदाधिकारी से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।

जिला प्रशासन ने बताया कि राजस्व कार्यों के त्वरित निष्पादन, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा तथा आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए समय-समय पर आवश्यक निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद कार्यों की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच सकी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में अनावश्यक विलंब, लंबित मामलों के निष्पादन में उदासीनता तथा दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि आम जनता को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।