हेलमेट जांच अभियान, नियम उल्लंघन पर ₹1.56 लाख जुर्माना वसूला गया

  • Post By Admin on Aug 14 2026
हेलमेट जांच अभियान, नियम उल्लंघन पर ₹1.56 लाख जुर्माना वसूला गया

लखीसराय: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर गुरुवार को विशेष हेलमेट जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान बी.एड. कॉलेज से बायपास रोड मोड़ तक संचालित किया गया।

जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), मोटरयान निरीक्षक (MVI) तथा परिवहन विभाग की टीम ने विद्यापीठ और डीएवी मोड़ पर सघन वाहन जांच की। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और उन्हें हेलमेट के नियमित उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। अभियान के दौरान कई वाहनों के आवश्यक कागजात अधूरे पाए गए। ऐसे मामलों में संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग के अनुसार, पूरे अभियान में कुल ₹1,56,000 का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली कई मौतों और गंभीर चोटों को हेलमेट के नियमित उपयोग से रोका जा सकता है।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।