अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गणितज्ञ प्रो. भोला ईश्वर का निधन, शिक्षा जगत ने खोया मार्गदर्शक
- Post By Admin on Jun 20 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के गणित विभाग के पूर्व वरिष्ठ प्राध्यापक एवं स्नातकोत्तर विभागाध्यक्ष रहे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गणितज्ञ प्रो. भोला ईश्वर का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से लंगट सिंह कॉलेज परिवार, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, शिक्षकों, शोधार्थियों तथा देश-विदेश के वैज्ञानिक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रो. भोला ईश्वर गणित के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए जाने जाते थे। उन्होंने सैद्धांतिक गणित को अंतरिक्ष विज्ञान और खगोलीय यांत्रिकी के व्यावहारिक अनुप्रयोगों से जोड़ते हुए कई महत्वपूर्ण शोध कार्य किए। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा वित्तपोषित अनेक जटिल और महत्वपूर्ण अनुसंधान परियोजनाओं का उन्होंने सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। उनके द्वारा प्रतिपादित गणितीय सिद्धांतों और समीकरणों को वैश्विक स्तर पर सराहना मिली थी।
उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बीआरएबीयू के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि प्रो. भोला ईश्वर का निधन न केवल विश्वविद्यालय बल्कि वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने उत्कृष्ट शोध, लेखन और समर्पण से गणित जगत को नई दिशा प्रदान की। कुलपति ने कहा कि उनकी विद्वता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
लंगट सिंह कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने शोक संदेश में कहा कि प्रो. ईश्वर केवल एक महान शिक्षाविद ही नहीं, बल्कि कॉलेज की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने कॉलेज में शोध और अकादमिक उत्कृष्टता की जो मजबूत नींव रखी, वह आज भी शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित कर रही है।
प्रो. भोला ईश्वर के निधन पर प्रो. टी.के. डे, प्रो. शैलेंद्र सिन्हा, प्रो. विजय कुमार, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. नवीन कुमार समेत अनेक शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को शिक्षा और शोध जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया गया।