माउंट लिटरा ज़ी स्कूल बना पूर्णतः स्मार्ट, आधुनिक शिक्षण तकनीकों से रूबरू हुए शिक्षक

  • Post By Admin on Jun 20 2026
माउंट लिटरा ज़ी स्कूल बना पूर्णतः स्मार्ट, आधुनिक शिक्षण तकनीकों से रूबरू हुए शिक्षक

लखीसराय : माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, लखीसराय में ज़ी लर्न लिमिटेड द्वारा आयोजित दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन ज़ी लर्न लिमिटेड की क्लस्टर स्कूल डायरेक्टर (ईस्ट ज़ोन) डॉ. ज़ेबा तशलीम ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को ज़ी लर्न की नवीनतम शिक्षण पद्धतियों, आधुनिक पाठ्यक्रम, प्रभावी शिक्षण तकनीकों तथा विद्यार्थियों तक विषयवस्तु को सरल एवं रोचक तरीके से पहुँचाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ. तशलीम ने कहा कि आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग से शिक्षा को अधिक प्रभावशाली, अनुभवात्मक और विद्यार्थियों के लिए आकर्षक बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ज़ी लर्न की अत्याधुनिक ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) आधारित शिक्षण तकनीक का प्रदर्शन रहा। इस तकनीक के माध्यम से विद्यार्थी पुस्तक के किसी भी पृष्ठ को मोबाइल या टैबलेट से स्कैन कर उसके पात्रों, चित्रों और विषयवस्तु को जीवंत रूप में देख एवं समझ सकेंगे। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह तकनीक विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, कल्पनाशक्ति और विषय की समझ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि माउंट लिटरा ज़ी स्कूल की सभी कक्षाओं को अब पूर्ण रूप से स्मार्ट क्लासरूम में परिवर्तित कर दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को डिजिटल एवं विजुअल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी और उनके बौद्धिक, रचनात्मक तथा समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा। प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप ज़ी लर्न द्वारा विकसित एसडीजी बुक की भी जानकारी दी गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक नागरिकता की भावना विकसित करने पर बल दिया जाएगा। डॉ. ज़ेबा तशलीम ने शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) पर जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी एवं ज्ञान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय की पूरी टीम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या स्वीटी कुमारी, सचिव विजेता स्नेही, सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे। सचिव विजेता स्नेही ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं और नवाचारों को अपनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। विद्यालय के चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही ने कहा कि आने वाले समय में अभिभावकों और विद्यार्थियों को विद्यालय में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल शिक्षण, ऑगमेंटेड रियलिटी आधारित अध्ययन और अन्य आधुनिक शैक्षणिक नवाचारों के माध्यम से विद्यालय विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर की गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।