समाजसेवा की मिसाल: जरूरतमंद युवती की शादी का उठाया जिम्मा, 31वीं बेटी को मिला सहयोग
- Post By Admin on Jun 20 2026
मुजफ्फरपुर: सामाजिक संस्था "सोशल वर्कर फॉर वुमन इंपावरमेंट" ने एक बार फिर समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी के लिए आवश्यक सामग्री एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। संस्था की ओर से विवाह के लिए चावल, आटा, बर्तन, कपड़े, आभूषण सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा नकद राशि भी दी गई, ताकि बच्ची के माता-पिता शादी से जुड़ी अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी कर सकें।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि उक्त युवती का विवाह इसी माह 24 जून को निर्धारित है। विवाह के दिन भी संस्था की पूरी टीम मौके पर मौजूद रहेगी, ताकि शादी समारोह के दौरान यदि किसी प्रकार की आवश्यकता महसूस हो तो उसे तत्काल पूरा किया जा सके और विवाह बिना किसी परेशानी के संपन्न हो। संस्था की अध्यक्ष रानू गुप्ता ने बताया कि संस्था अब तक 31 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग कर चुकी है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में हरसंभव सहायता करना है, ताकि किसी भी बेटी का विवाह आर्थिक तंगी के कारण प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और समाज के सहयोग से सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष रानू गुप्ता के अलावा सुमिता प्रकाश, बिमला गुप्ता, पूनम गुप्ता, शालू गुप्ता, इंदु गुप्ता, उमाशंकर प्रसाद गुप्ता, राजीव मल्लिक, राहुल निराला सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।