भोजपुर एन्काउंटर मामले में मानवाधिकार आयोग सख्त, आश्रितों को जल्द अनुग्रह राशि देने का निर्देश

  • Post By Admin on Jul 08 2026
भोजपुर एन्काउंटर मामले में मानवाधिकार आयोग सख्त, आश्रितों को जल्द अनुग्रह राशि देने का निर्देश

मुजफ्फरपुर: भोजपुर एन्काउंटर मामले में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए मृतक भरत भूषण तिवारी के आश्रितों को जल्द से जल्द अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। आयोग में इस मामले की सुनवाई मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा की याचिका पर चल रही है।

मामले की सुनवाई के दौरान 3 जुलाई को बिहार सरकार की ओर से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विधि एवं व्यवस्था) के माध्यम से प्रतिवेदन दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया गया। आयोग ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए सरकार को अतिरिक्त समय प्रदान किया, लेकिन साथ ही निर्देश दिया कि इस अवधि में मृतक के आश्रितों को अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए यदि किसी पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी तय होती है, तो उसके विरुद्ध विधि के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

आयोग ने मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त निर्धारित की है। माना जा रहा है कि अगली सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से मांगे गए प्रतिवेदन पर आगे की कार्रवाई और मामले की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। यह मामला मानवाधिकार आयोग में विचाराधीन है और आयोग द्वारा तथ्यों एवं संबंधित पक्षों के प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।