आरडीएस कॉलेज में इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को मिला करियर मार्गदर्शन
- Post By Admin on Jul 08 2026
मुजफ्फरपुर : आरडीएस कॉलेज के वाणिज्य विभाग की ओर से बीकॉम स्नातक (सत्र 2023-27) के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को इंटर्नशिप के महत्व, रोजगार के अवसरों, उद्योग जगत की अपेक्षाओं तथा व्यावसायिक कौशल के विकास के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. कृतिका वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप छात्रों के लिए पुस्तक आधारित ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव में बदलने का प्रभावी माध्यम है। इससे विद्यार्थियों को कॉरपोरेट और वित्तीय क्षेत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है तथा अकाउंटिंग, फाइनेंस, टैक्सेशन और बिजनेस मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में उनकी दक्षता विकसित होती है। उन्होंने छात्रों से इंटर्नशिप के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं नोडल प्राधिकारी डॉ. रजनीकांत पांडे ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की उपयोगिता, उद्योग जगत की अपेक्षाओं और रोजगार की तैयारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप से छात्रों को वास्तविक कार्य अनुभव मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और रोजगार की संभावनाएं भी बेहतर होती हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने वाणिज्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर डॉ. नेयाज अहमद, डॉ. प्रियंका दीक्षित, डॉ. आरती मित्रा सहित विभाग के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. प्रियंका दीक्षित के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।