लखीसराय : जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन की उपलब्धता, भवनों की मरम्मत, शौचालय निर्माण और मरम्मत, पेयजल तथा विद्युत सुविधा की समीक्षा की गई। विशेष रूप से नए शौचालय के निर्माण एवं पुराने शौचालयों की मरम्मत पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न केंद्रों में इन कार्यों पर होने वाली व्यय राशि और प्रगति की रिपोर्ट सभी संबंधित मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों से प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी ने समीक्षा उपरांत निर्देश दिया कि नए शौचालय निर्माण और पुराने शौचालय की मरम्मत के लिए स्थल भ्रमण कर वस्तुस्थिति का मूल्यांकन किया जाए और तत्परता से कार्य शुरू किया जाए। साथ ही उन्होंने ICDS जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु ऐसे केंद्रों की सूची तैयार की जाए, जहां अंचलाधिकारी द्वारा पहले ही भूमि उपलब्ध करा दी गई है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक नीरज कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी वंदना पांडे, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी सहित संबंधित कर्मी उपस्थित थे।




















