वाहन जांच अभियान में 34 वाहन चालकों से वसूले गए 1.20 लाख रुपए जुर्माना
- Post By Admin on Jun 24 2025

लखीसराय : शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग एक्शन मोड में नजर आया। सोमवार की देर शाम जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मुकुल पंकज मणि के नेतृत्व में पुरानी बाजार स्थित मुख्य बाईपास मोड़ पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, कागजात की कमी, ओवरलोडिंग और अन्य नियम उल्लंघन जैसे मामलों पर सख्ती दिखाई गई। कुल 34 वाहन चालकों से 1 लाख 20 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
डीटीओ मुकुल पंकज मणि ने बताया कि सड़क हादसों में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि, “जनसुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए जरूरी है कि वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। सभी वाहन चालक अपने साथ वैध दस्तावेज रखें, हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट का प्रयोग करें और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें।”
परिवहन विभाग की यह कार्यवाही जहां नियम तोड़ने वालों के लिए चेतावनी बनकर आई, वहीं आम लोगों में जागरूकता फैलाने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। भविष्य में इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाने की संभावना जताई गई है।