लखीसराय : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के क्रम में मंगलवार को बिहार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के डीएम और प्रमंडलीय आयुक्तों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक लखीसराय समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष से की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

चतुर्थ मंगलवार को आयोजित इस समीक्षा बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार, सामान्य प्रशासन, खेल, खनन, सूचना एवं जनसंपर्क, परिवहन, गृह एवं निर्वाचन विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाना अत्यंत आवश्यक है ताकि जमीनी स्तर पर इसका प्रभाव स्पष्ट रूप से नजर आए।

‘अभियान बसेरा-2’ के अंतर्गत लाभुकों को जांच उपरांत शीघ्र भूमि पर्चा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि उन्हें स्थायी आवासीय सुरक्षा मिल सके।

लखीसराय से इस समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, विशेष कार्य पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।