नोएडा की बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, राहत-बचाव में जुटी दमकल टीम
- Post By Admin on Jun 05 2026
नोएडा : नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आइवी काउंटी रेजिडेंशियल सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक फ्लैट में एयर कंडीशन में हुए विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और एहतियातन पूरी इमारत को खाली कराना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8 बजे 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी। मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में हुआ विस्फोट माना जा रहा है। देखते ही देखते आग ने फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के निवासियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग लगने के दौरान निवासी सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकले। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरी इमारत को खाली करा लिया तथा आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति घायल हुआ हो तो उसे तत्काल और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से बिजली एवं एयर कंडीशनर जैसे उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।