भारत स्वाभिमान न्यास के नेतृत्व में लखीसराय में भव्य योग महोत्सव आयोजित
- Post By Admin on Jun 21 2026
लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास के सौजन्य से लखीसराय में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में पतंजलि परिवार के योगी योद्धाओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
मुख्य कार्यक्रम लायंस क्लब परिसर में आयोजित किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा एवं संगठन के संरक्षक डॉ. अमित उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरविंद भारती, जिला प्रभारी नाथ अमिताभ, संगठन मंत्री मनोरंजन कुमार, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनीष कुमार, जिला सह प्रभारी ज्वाला, रंजीत जी, विनोद जी, रामनंदन जी तथा राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट के हिमांशु सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। किसान प्रकोष्ठ के प्रभारी ने योग गुरु की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य ज्वाला ने विधिक सेवा एवं आयुष विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न योग गतिविधियों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत महिला पतंजलि की ममता जी के निर्देशन में ईशा एवं समर्थ ने शर्मा गांव में लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
भारत स्वाभिमान न्यास की लखीसराय इकाई के स्वयंसेवकों ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में अलग-अलग स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप दिया। हजारों स्वास्थ्य साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया और स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण का संदेश दिया।