लखीसराय में भाकपा की राष्ट्रव्यापी पदयात्रा संपन्न, दिल्ली रैली में बड़ी भागीदारी का आह्वान
- Post By Admin on Aug 14 2026
लखीसराय: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा ‘बदलाव जरूरी है’ नारे के साथ चलाया जा रहा राष्ट्रव्यापी पदयात्रा अभियान शुक्रवार को लखीसराय में संपन्न हो गया। 6 अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान जिले के विभिन्न प्रखंडों और गांवों से गुजरते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा, जहां इसका समापन एक सभा के रूप में किया गया।

भाकपा के अनुसार, पदयात्रा लखीसराय, सूर्यगढ़ा, चनन सहित जिले के दर्जनों गांवों में आयोजित की गई। विभिन्न जत्थों में शामिल कार्यकर्ता और समर्थक जिला मुख्यालय स्थित विद्यापीठ में एकत्र हुए। इसके बाद बारिश के बीच पदयात्री शहीद द्वार पहुंचे, जहां आयोजित सभा में कार्यक्रम तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता पार्टी नेता रामनरेश यादव ने की। इस दौरान भाकपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों, छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन ने केंद्र सरकार को तीन कृषि कानून वापस लेने के लिए मजबूर किया था और छात्र आंदोलनों ने भी सरकार पर दबाव बनाया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित भाकपा की रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उनके अनुसार यह रैली किसानों, मजदूरों, छात्रों और आम जनता के सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का मंच बनेगी। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा जिला मंत्री हर्षित यादव ने किसानों, मजदूरों, छोटे व्यवसायियों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान आर्थिक नीतियों का असर कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और रोजगार, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर व्यापक जनसंघर्ष की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में अरुण कुमार सिंह, रामशंकर गुप्ता, कैलाश सिंह, श्रीराम भगत और सुधीर बरई सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। भाकपा नेताओं ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य जनसमस्याओं को सामने लाना, लोगों को संगठित करना और वैकल्पिक राजनीतिक आवाज को मजबूत करना है। सभा के साथ लखीसराय में पार्टी का यह चरणबद्ध राष्ट्रव्यापी अभियान संपन्न हुआ।