भारत माता मंदिर का भव्य शुभारंभ, शिवनगर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न

  • Post By Admin on Nov 21 2024
भारत माता मंदिर का भव्य शुभारंभ, शिवनगर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न

लखीसराय : जिले के छोटे से गाँव शिवनगर में भारत माता मंदिर का शुभारंभ और प्राण प्रतिष्ठा समारोह बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर के मुख्य यजमान और मंदिर निर्माण के प्रेरक पर्यावरणविद श्री नवीन निराला थे। उनकी धर्मपत्नी और स्वास्थ्यकर्मी श्रीमती नंदिनी कुमारी ने भी तन, मन और धन से इस परियोजना में भरपूर योगदान दिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुंगेर विभाग प्रचारक श्री देवेंद्र कुमार ने कार्यक्रम में कहा, “भारत माता का पहला मंदिर हरिद्वार में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी द्वारा बनाया गया था। शिवनगर में भारत माता मंदिर का निर्माण होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यह मंदिर राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा।”

पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शांडिल्य ने अपने संबोधन में कहा, “भारत माता हम सभी की माँ हैं। हम उनके अन्न, जल और वायु से जीवित हैं। इस मंदिर का निर्माण इसी भावना को जागृत करने के लिए हुआ है। हमारा सपना है कि हर गाँव में एक भारत माता मंदिर हो और भारत पुनः अखंड और विश्वगुरु बने।” इस शुभ अवसर पर श्री नवीन निराला और श्रीमती नंदिनी कुमारी ने यज्ञ के मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। पूरे गाँव के लोगों ने मंदिर निर्माण में अपना समर्थन और सहयोग प्रदान किया।

समारोह में भाग लेने वाले प्रमुख व्यक्ति:
देवेंद्र कुमार, राम बिलास शांडिल्य, डॉक्टर निरंजन कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार महतो, मंतोष कुमार, कंपनी ताँती, रंजन यादव, विनोद सदा, आनंदी मंडल, खेली शर्मा, चंदन वर्मा, शिव शंकर सिंह, विवेक, दिव्यांशु, अमरेश, सूरज, शिवम पटेल समेत कई स्थानीय और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गाँव के लिए ऐतिहासिक दिन:
यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि ग्रामीणों के लिए एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने बड़े उत्साह से भाग लिया और इसे गाँव के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया।