पेट्रोल की कीमतों को लेकर ट्रंप ने दिखाई सख्ती, कंपनियों को चेताया
- Post By Admin on Jun 30 2026
वाशिंगटन : अमेरिका में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर बढ़ते जनदबाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेल कंपनियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कंपनियों से तत्काल पेट्रोल की कीमतें कम करने को कहा और स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं होने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ' पर लिखा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटकर करीब 68 डॉलर प्रति बैरल रह गई है, इसके बावजूद पेट्रोल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी नागरिकों को राहत देने के लिए कंपनियां जल्द से जल्द कीमतों में कटौती करें। उन्होंने मनमाने ढंग से कीमतें बढ़ाने को गैरकानूनी बताते हुए पेट्रोल की कीमत लगभग 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाने की अपील की।
ईरान के साथ तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही सामान्य होने के बावजूद अमेरिका में ईंधन की कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं आई है। इसे लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच कतर की राजधानी दोहा में प्रस्तावित बैठक पर भी ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बैठक महत्वपूर्ण साबित हो सकती है, हालांकि इसका परिणाम क्या होगा, यह बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि बातचीत से क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में सकारात्मक पहल हो सकती है।