आईसीयू वार्ड में आग बनी काल, मुजफ्फरपुर में 5 मरीजों की दर्दनाक मौत
- Post By Admin on Jun 04 2026
मुजफ्फरपुर : शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में गुरुवार तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दम घुटने से 5 मरीजों की मौत हो गई, जबकि दमकल और प्रशासन की टीम ने 25 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3:40 बजे अस्पताल के चौथे तल स्थित आईसीयू वार्ड में एक मशीन से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते पूरा वार्ड धुएं से भर गया। उस समय आईसीयू में कई गंभीर मरीज भर्ती थे। धुआं फैलते ही अस्पताल कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आईसीयू की खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों तक पहुंच बनाई। कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में ऑक्सीजन सपोर्ट पर मौजूद मरीजों सहित 25 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान कुछ अस्पताल कर्मी भी झुलस गए। रेस्क्यू किए गए मरीजों को शहर के विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई मरीजों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार मृतकों की पहचान औराई प्रखंड के रतनपुर निवासी शशांक कुमार, शिवहर जिले के विसंभरपुर निवासी उदय कुमार, कथैया थाना क्षेत्र के बिसतौलिया निवासी गीता देवी तथा मीनापुर के गोरीगामा निवासी कृष्णनंदन सिंह के रूप में हुई है। जिला प्रशासन ने चारों मौतों की पुष्टि की है।
घटना के बाद अस्पताल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के दौरान अस्पताल का फायर हाइड्रेंट सिस्टम काम नहीं कर पाया। वहीं मौजूद अग्निशमन यंत्रों के संचालन में भी दिक्कतें सामने आईं। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि चौथी मंजिल के आईसीयू में करीब 15 मरीज भर्ती थे। सभी घायलों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर इलाज की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच कराई जा रही है और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर विधायक रंजन कुमार ने मृतकों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिले के सभी हॉस्पिटल पर जांच कराने की बात कही है। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रशासन ने कहा है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।