एसकेएमसीएच में आग से मचा हड़कंप, अस्पताल कर्मियों ने संभाली स्थिति
- Post By Admin on Jun 09 2026
मुजफ्फरपुर : जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसकेएमसीएच की सुपर स्पेशलिटी बिल्डिंग में मंगलवार को अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि अस्पताल कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ के कारण आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुपर स्पेशलिटी बिल्डिंग के पिछले हिस्से में प्रथम तल पर स्थित नर्स ड्यूटी रूम की खिड़की में लगे एडजस्टिंग फैन में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके कारण खिड़की के आसपास आग लग गई और धुआं उठने लगा। आग की लपटें दिखाई देने के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कर्मियों की तत्परता के चलते कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आग अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी और बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने विद्युत व्यवस्था की जांच कराने और सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। आग लगने की इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता को रेखांकित किया है।