सुरक्षित मातृत्व अभियान की 10वीं वर्षगांठ पर जिलेभर में गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

  • Post By Admin on Jun 09 2026
सुरक्षित मातृत्व अभियान की 10वीं वर्षगांठ पर जिलेभर में गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

लखीसराय : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें सुरक्षित मातृत्व से संबंधित आवश्यक परामर्श और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

इस अवसर पर सदर अस्पताल, लखीसराय, रेफरल अस्पताल बड़हिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलसी एवं सूर्यगढ़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया, रामगढ़ चौक और चानन सहित जिले के सभी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, संभावित जोखिमों की पहचान तथा सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना रहा। जांच के दौरान महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय सलाह भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन, लखीसराय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ चौक तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर कैंदी (हलसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, जांच व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सिविल सर्जन ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है।