प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद प्रशासन की बड़ी कार्यवाई, दो निजी अस्पताल सील
- Post By Admin on Jun 09 2026
मुजफ्फरपुर : प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के दामोदरपुर और कोल्हुआ दादर स्थित दो निजी अस्पतालों को जांच में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद सील कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य निजी अस्पताल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी आकांक्षा आनंद के नेतृत्व में बैरिया, दामोदरपुर, चैनपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान कई अस्पतालों में सुरक्षा मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं के पालन में गंभीर कमियां सामने आईं। इसके बाद संबंधित अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश जारी किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिन अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा तथा अन्य अनिवार्य मानकों का पालन नहीं पाया गया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसी के तहत दामोदरपुर और कोल्हुआ दादर स्थित दो निजी अस्पतालों को पूरी तरह सील कर दिया गया।
प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिलेभर में निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन की सख्ती के बाद कई निजी अस्पताल संचालकों ने अपने अस्पतालों के बोर्ड और बैनर तक हटा दिए हैं। इससे क्षेत्र में कार्रवाई का असर साफ दिखाई दे रहा है।अस्पतालों को सील करने की कार्रवाई के दौरान प्रभारी पीएचसी प्रभारी डॉ. पीयूष राज, बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति, स्वास्थ्य प्रबंधक पुष्कर कुमार सहित स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।