जल संरक्षण और हरियाली पर जोर, अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ पौधारोपण

  • Post By Admin on Jun 11 2026
जल संरक्षण और हरियाली पर जोर, अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ पौधारोपण

लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा बिजली ऑफिस के निकट कार्यानंदनगर, लखीसराय में देव वृक्ष पीपल का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरणविद् दीपक कुमार भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वृक्षों की अंधाधुंध कटाई, पहाड़ों का अत्यधिक दोहन तथा नदियों से अनियंत्रित बालू निकासी के कारण पर्यावरण असंतुलित हो गया है। इसके परिणामस्वरूप ग्लोबल वार्मिंग का प्रभाव पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और प्राकृतिक आपदाएं पर्यावरणीय संकट की गंभीरता को दर्शाती हैं।

उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्राचीन काल में तालाबों और कुओं के माध्यम से वर्षा जल का संचयन किया जाता था, जिससे जल संकट की स्थिति नहीं उत्पन्न होती थी। वर्तमान समय में तालाबों पर अतिक्रमण और कुओं की उपेक्षा के कारण भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और भवनों में वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि "जल है तो कल है"।

राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है। खेल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं। कार्यक्रम में अद्वैत सिंहदेव, अद्विता, दीपक कुमार भारद्वाज, रवि कुमार भारद्वाज, अखिलेश्वर प्रसाद सिंह तथा राम बिलास शाण्डिल्य सहित कई लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।