लखीसराय में कैंसर रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम, हजारों किशोरियों का टीकाकरण
- Post By Admin on Jun 11 2026
लखीसराय : जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए चलाए जा रहे गार्डाशील टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 87 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। यह जानकारी जिला अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार भारती ने दी। उन्होंने बताया कि गार्डाशील एक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन है, जो कैंसर उत्पन्न करने वाले वायरस के संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है। यह मुख्य रूप से सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के लिए लगाई जाती है।
डॉ. भारती ने बताया कि जिले में कुल 10,180 किशोरियों को गार्डाशील वैक्सीन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक 8,841 किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। यह वैक्सीन मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सिंगल डोज के रूप में दी जा रही है, क्योंकि यह उम्र वायरस के संपर्क में आने से पहले प्रतिरक्षा विकसित करने के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके बाद किसी प्रकार के गंभीर दुष्प्रभाव की सूचना नहीं मिली है। गार्डाशील वैक्सीन शरीर में एंटीबॉडी विकसित कर एचपीवी संक्रमण को रोकने में मदद करती है, जिससे लगभग 90 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के मामलों की रोकथाम संभव है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एचपीवी एक ऐसा वायरस है जो सामान्यतः यौन संपर्क के माध्यम से फैलता है। इसके कुछ प्रकार जननांगों में मस्से पैदा करते हैं, जबकि कुछ प्रकार लंबे समय तक शरीर में बने रहने पर कैंसर का कारण बन सकते हैं। हालांकि कई मामलों में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली वायरस को समाप्त कर देती है, लेकिन संक्रमण लंबे समय तक बने रहने पर गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न हो सकते हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी किशोरियों का समय पर टीकाकरण कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।