सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, 12 जून को अहम बैठक
- Post By Admin on Jun 11 2026
लखीसराय : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ 12 जून को समीक्षा बैठक बुलायी है।
जिला गोपनीय शाखा से जारी पत्र के अनुसार केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के विज्ञापन संख्या-03/25 के तहत विभिन्न विभागों में सिपाही पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाना है। इसमें मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में ‘मद्य निषेध सिपाही’, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय, गृह विभाग (कारा) में ‘कक्षपाल’ तथा परिवहन विभाग में ‘चलंत दस्ता सिपाही’ के पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा 14 जून एवं 17 जून 2026 को आयोजित की जानी है। परीक्षा के सफल संचालन, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से 12 जून को पूर्वाह्न 11 बजे समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में बैठक आहूत की गई है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं परीक्षा से जुड़े नोडल पदाधिकारियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से बैठक में समय पर उपस्थित होकर परीक्षा संचालन संबंधी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।