‘सेवा, सुशासन और विकास’ के 12 साल पूरे होने पर भाजपा का आयोजन, त्रिपुर सुंदरी धाम में राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना
- Post By Admin on Jun 10 2026
लखीसराय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को बड़हिया स्थित त्रिपुर सुंदरी धाम में विशेष पूजा-अर्चना एवं राष्ट्र कल्याण मंगलकामना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, विकास एवं जनकल्याण के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा भारत के उज्ज्वल भविष्य और समृद्धि की कामना की गई। अपने संबोधन में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और भारत आज वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र कल्याण, विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।भाजपा लखीसराय के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि समाचार लिखे जाने तक कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा जिला अतिथि गृह के मंत्रणा कक्ष में पार्टी के जिला पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक एवं विकासात्मक विषयों पर विचार-विमर्श कर रहे थे। इसके बाद उनके अशोक धाम, लखीसराय में आयोजित संध्या मंगल आरती एवं पूजा-अर्चना कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित था।