बाढ़ प्रभावित सड़क के पक्कीकरण की कवायद तेज, डीएम ने किया स्थल निरीक्षण

  • Post By Admin on Jun 17 2026
बाढ़ प्रभावित सड़क के पक्कीकरण की कवायद तेज, डीएम ने किया स्थल निरीक्षण

लखीसराय : जिला पदाधिकारी लखीसराय के नेतृत्व में बुधवार को बड़हिया प्रखंड की खुठहा पूर्वी पंचायत अंतर्गत चेतन टोला से मालपुर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि चेतन टोला से मालपुर तक लगभग चार किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क प्रत्येक वर्ष बाढ़ के समय जलमग्न हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को सड़क के पक्कीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने तथा विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने ग्राम जखौर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि निकटवर्ती सदायबीघा में प्लस-टू उच्च विद्यालय होने के बावजूद दूरी अधिक होने के कारण विशेषकर छात्राओं को आवागमन में परेशानी होती है।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की वर्तमान स्थिति, छात्र संख्या तथा अन्य निर्धारित मानकों का परीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि मांग पर नियमानुसार विचार किया जा सके। निरीक्षण कार्यक्रम के तहत सदायबीघा उच्च विद्यालय का भी अवलोकन किया गया। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर, शैक्षणिक गतिविधियों एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।