बदलते बिहार और विकसित भारत का प्रतीक बन रहा पीएमसीएच : शिवराज सिंह चौहान

  • Post By Admin on Jun 17 2026
बदलते बिहार और विकसित भारत का प्रतीक बन रहा पीएमसीएच : शिवराज सिंह चौहान

पटना : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) का दौरा कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित वार्डों का निरीक्षण किया तथा डिजिटल माध्यम से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

दौरे के दौरान बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा, कुम्हरार विधायक प्रेम गुप्ता, अपर कार्यपालक निदेशक राज्य स्वास्थ्य समिति कुमार गौरव सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अस्पताल प्रबंधन की ओर से केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हो रहे बदलाव का सबसे बड़ा उदाहरण पीएमसीएच है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अस्पताल अब विश्व के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 5462 बेड की क्षमता वाले इस अस्पताल के कई नए ब्लॉक बनकर तैयार हो चुके हैं और उनमें सेवाएं भी शुरू कर दी गई हैं, जबकि शेष निर्माण कार्य तेजी से जारी है।उन्होंने कहा कि परियोजना की विशेषता यह है कि निर्माण कार्य के दौरान भी अस्पताल में मरीजों का इलाज निर्बाध रूप से जारी है। पुराने भवनों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर आधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है। अब तक 1100 से अधिक बेड नए भवनों में स्थानांतरित किए जा चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोगों को बेहतर इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच, एम्स, जिला अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण से बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं का नया ढांचा तैयार हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएमसीएच बदलते बिहार और विकसित होते भारत की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। उल्लेखनीय है कि फरवरी 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएमसीएच के 5462 बेड वाले नए अस्पताल परिसर का शिलान्यास किया था। वर्ष 2025 में 1100 से अधिक बेड वाले नए भवन का लोकार्पण भी किया गया था। परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से निर्माण कार्य जारी है।