पंचायत सरकार भवन निर्माण में देरी पर डीएम सख्त, कार्यान्वयन एजेंसियों से मांगा स्पष्टीकरण

  • Post By Admin on Jun 15 2026
पंचायत सरकार भवन निर्माण में देरी पर डीएम सख्त, कार्यान्वयन एजेंसियों से मांगा स्पष्टीकरण

लखीसराय : पंचायत सरकार भवन निर्माण योजना से संबंधित जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सोमवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई तथा निर्माण में हो रही देरी पर जिला प्रशासन ने नाराजगी जताई।

बैठक के दौरान बड़हिया प्रखंड की ग्राम पंचायत उरैन पश्चिमी एवं सूर्यगढ़ा प्रखंड की ग्राम पंचायत गोरखपुर में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि के प्रस्तावों पर विचार किया गया। समिति ने उपलब्ध भूमि को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान करते हुए विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग, लखीसराय तथा भवन प्रमंडल संगठन, लखीसराय से चयनित एवं स्वीकृत स्थलों पर अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन के बजाय बार-बार विभिन्न कारण और बहाने प्रस्तुत किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में संबंधित कार्यपालक अभियंता द्वारा भूमि की अपर्याप्तता का मुद्दा उठाया गया था, लेकिन उपलब्ध अभिलेखों और स्थल संबंधी तथ्यों की समीक्षा में भूमि पर्याप्त पाई गई। इस पर डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बैठकों में केवल तथ्यपरक और सही जानकारी ही प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रामक या अपूर्ण जानकारी देना गंभीर मामला है और सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण जवाबदेही एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत स्थलों पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता कुणाल कुमार, संबंधित अंचल अधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।