गतका गोल्ड कप में लखीसराय का शानदार प्रदर्शन, स्वाति कुमारी ने जीता स्वर्ण पदक
- Post By Admin on Jun 15 2026
लखीसराय : पटना के खेल भवन में आयोजित एक दिवसीय गतका गोल्ड कप चैंपियनशिप में लखीसराय जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जिले के 10 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें स्वाति कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की।
48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में स्वाति कुमारी ने गया की खिलाड़ी को 5-3 से पराजित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं स्वकृति कुमारी और शताक्षी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा कोमल, अनन्या, ज्योति, श्वेता, खुशी, संध्या और आलोक कुमार ने कांस्य पदक जीतकर जिले की झोली में और उपलब्धियां जोड़ीं। प्रतियोगिता के दौरान गतका बिहार के सचिव भोला थापा ने जिला सचिव अमित सिंह राजपूत को मेमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही जिला कोच धीरज कुमार और टीम मैनेजर गुंजन कुमार को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जिला गतका संघ के अध्यक्ष अभिषेक आनंद ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि भविष्य में और बेहतर तैयारी के साथ खिलाड़ी अगले प्रतियोगिताओं में अधिक स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाएंगे। खिलाड़ियों की सफलता पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, शिक्षक सुशील कुमार, जिला फुटबॉल कोच नीरज सिंह क्षत्रिय, जिला गतका एवं खो-खो सचिव अमित सिंह राजपूत, जिला वुशु सचिव धीरज कुमार, जिला कराटे सचिव गुंजन कुमार, जिला खो-खो कोच अंकित कुमार, गुरिया कुमारी और तन्नु कुमारी सहित कई खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है और आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।