हाईकोर्ट में लंबित मामलों पर डीएम सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
- Post By Admin on Jun 08 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को माननीय उच्च न्यायालय में लंबित सिविल रिट, सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी एवं अन्य न्यायालयीन वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित वादों में अविलंब प्रति-शपथ पत्र (काउंटर एफिडेविट) दाखिल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रति-शपथ पत्र की एक प्रति वाद संख्या एवं तिथि सहित जिला विधि शाखा को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे सीसीएमएस पोर्टल पर समय पर अपलोड किया जा सके। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक में वे विस्तृत प्रतिवेदन के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
समीक्षा के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि अंचल कार्यालय, सूर्यगढ़ा से संबंधित सर्वाधिक मामले लंबित हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अंचल अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित मामलों में प्रति-शपथ पत्र तैयार कर जिला विधि शाखा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि न्यायालयीन वादों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।