डीएम ने किया खरीफ महाभियान का शुभारंभ, कृषि कर्मियों को किया सम्मानित
- Post By Admin on Jun 08 2026
लखीसराय : जिले में शारदीय (खरीफ) महाभियान 2026 का शुभारंभ सोमवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं जिला उद्यान पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि शारदीय (खरीफ) महाभियान का उद्देश्य किसानों को खरीफ मौसम में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि महाभियान के साथ खरीफ फसलों के बीज वितरण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया है। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, दलहन, शंकर मक्का, शंकर धान समेत अन्य खरीफ फसलों के बीज वितरण एवं प्रत्यक्षण कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को दी गई। साथ ही इन योजनाओं के लक्ष्यों और किसानों को मिलने वाले लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में पौधा संरक्षण योजनाओं, मिट्टी जांच की प्रक्रिया और उसके महत्व के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने किसानों से उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की।
परियोजना निदेशक, आत्मा ने आत्मा लखीसराय के माध्यम से संचालित किसान प्रशिक्षण, किसान परिभ्रमण, किसान गोष्ठी एवं किसान पाठशाला कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं जिला उद्यान पदाधिकारी ने फल एवं सब्जी फसलों की क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा देने के लिए संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं से किसानों को अवगत कराया।कृषि विज्ञान केंद्र, हलसी के वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों की उन्नत खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के प्रभावी उपायों पर किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लखीसराय जिले की उत्कृष्ट उपलब्धि को देखते हुए कृषि कर्मियों, राजस्व कर्मियों एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले के प्रगतिशील किसान, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं कृषि विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।