एडीजी अमित लोढ़ा ने किया पुलिस केंद्र का निरीक्षण, प्रशिक्षु जवानों का बढ़ाया मनोबल
- Post By Admin on Jun 08 2026
लखीसराय : बिहार राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी), पटना के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित लोढ़ा ने सोमवार को लखीसराय पुलिस केंद्र का औचक भ्रमण-सह-निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस केंद्र की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एडीजी ने उपस्कर शाखा, प्रशिक्षण शाखा, कोत शाखा, ईआरएसएस (ERSS) शाखा एवं वायरलेस शाखा का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अमित लोढ़ा ने निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों को कई उपचारात्मक एवं सुधारात्मक सुझाव दिए तथा कार्यों के निष्पादन में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद एडीजी ने पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु सिपाहियों से संवाद किया। उन्होंने जवानों को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान, ईमानदार एवं अनुशासित रहने की सीख देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में जनता का विश्वास सर्वोपरि है। उनके प्रेरणादायी संबोधन से प्रशिक्षु जवानों का उत्साहवर्धन हुआ। एडीजी ने प्रशिक्षकों से भी बातचीत कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने और जवानों की कार्यकुशलता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण ही एक सक्षम और जनोन्मुखी पुलिस बल की आधारशिला है। इस अवसर पर लखीसराय पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।