लखीसराय जिला स्थापना दिवस-2026 की तैयारियां तेज, आयोजन को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
- Post By Admin on Jun 19 2026
लखीसराय :लखीसराय जिला स्थापना दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, प्रदर्शनी, सम्मान समारोह तथा विभिन्न विभागों की सहभागिता को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आयोजन को आकर्षक एवं जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्थापना दिवस जिले की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और विकासात्मक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए कार्यक्रम का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि जिला स्थापना दिवस को यादगार बनाया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।