मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में मंदिर पुनर्स्थापन की मांग, आंदोलनकारियों ने रोकी ट्रेनें
- Post By Admin on Jul 16 2026
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर स्थित मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार से उत्तर बिहार में अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन शुरू हो गया। आंदोलन का नेतृत्व अनिल कुमार कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने दावा किया कि रेलवे द्वारा 15 जुलाई तक उनकी मांग पूरी नहीं किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
आंदोलनकारियों ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन के समीप पटना–मुजफ्फरपुर रेलखंड पर मुजफ्फरपुर की ओर आने वाली डाउन ट्रेनों को रोककर प्रदर्शन किया गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक जंक्शन परिसर में मंदिर का पुनर्स्थापन नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अनिल कुमार ने कहा कि यह आंदोलन केवल मुजफ्फरपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे उत्तर बिहार में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो यह आंदोलन लंबे समय तक जारी रखा जाएगा। हालांकि, उन्होंने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए अपील की कि रेलवे और आंदोलनकारियों के बीच समाधान निकलने तक लोग आवश्यक होने पर ही रेल यात्रा करें।
आंदोलन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल, हिंदू पुत्र संगठन, हिंदू जन जागृति समिति, हिंदू रक्षा सेना, जन विकास मोर्चा, विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ सहित उत्तर बिहार के कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, आंदोलन में अनिल कुमार के अलावा हिंदू पुत्र प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ ठाकुर, विश्व सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश गुप्ता, अभिमन्यु पांडेय, अमन ठाकुर, नीतीश कुमार, सन्नी कुमार, अनीश ठाकुर, सौरभ, विशाल कुमार, दीपक मानव मिश्रा, पीयूष कुमार और कुणाल श्रीवास्तव सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।